भोपाल | कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित रिवेरा टाउन सोसायटी में एक आवारा श्वान (कुत्ते) के साथ बेरहमी का मामला सामने आया है। सोसायटी की एक रहवासी ने केयरटेकर समेत चार लोगों पर श्वान को डंडों से पीटने और हाथ-पैर बांधकर जिंदा दफनाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला? रिवेरा टाउन निवासी सुचंदना गुप्ता ने कमला नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनके मुताबिक, शुक्रवार 20 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे सोसायटी के केयरटेकर नरेश गिरी के नेतृत्व में चार कर्मचारी एक श्वान को डंडों से पीट रहे थे। आरोपियों ने श्वान का मुंह और चारों पैर प्लास्टिक व नायलॉन की रस्सी से बांध दिए थे। आरोप है कि उसे नाले के पास गड्ढा खोदकर जिंदा दफनाने की तैयारी की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने घटना से जुड़े वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं।
18 साल से कुत्ते गायब होने और धमकाने का आरोप सुचंदना गुप्ता के अनुसार, वे परिसर के सामुदायिक श्वानों को भोजन देती हैं और नगर निगम के माध्यम से उनकी नसबंदी भी करवाती हैं, जिसे लेकर सोसायटी के कुछ लोग उन्हें लगातार धमकाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 19 नवंबर से एक चार महीने का पिल्ला लापता है और पिछले 18 वर्षों से परिसर से कई श्वान संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो चुके हैं।

इन धाराओं में कार्रवाई की मांग शिकायतकर्ता ने केयरटेकर और सोसायटी प्रबंधन की भूमिका की जांच के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325, 351 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच कर रहे एसआई संजय वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के मुताबिक आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



