हरदा (सिराली)। सिराली थाना पुलिस ने 20 लाख रुपए कीमत की 99 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्ती के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य सप्लायर को राजस्थान के झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान देवीसिंह परिहार (राजपूत), निवासी ग्राम रोजाना (थाना गंगधार, जिला झालावाड़) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी सीताराम पटेल ने बताया कि बीती 17 नवंबर को ग्राम रहटाकलां बस स्टैंड के पास से राजस्थान निवासी विकास और बनेसिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी। इस संबंध में थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
रिमांड पर पूछताछ में खुला सप्लायर का नाम पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि वे यह ड्रग्स झालावाड़ जिले के गंगधार से देवीसिंह परिहार के पास से खरीदकर लाए थे। निशानदेही के बाद सिराली पुलिस की एक टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर राजस्थान पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर देवीसिंह को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में देवीसिंह ने ड्रग्स बेचने का जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हरदा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस अब आरोपी से ड्रग्स के इस नेटवर्क और सप्लाई के अन्य स्रोतों के बारे में पूछताछ कर रही है।



