छतरपुर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कोडा कार से 10 पेटी देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से कार चालक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 52 हजार रुपए और कार की कीमत 6 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात गश्त के दौरान फोरलेन स्थित कदारी रोड पर पुलिया के पास एक संदिग्ध स्कोडा कार को रोका गया। कार पर ‘छत्रपति शिवाजी महाराज’ लिखा हुआ था। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 10 पेटी देशी शराब बरामद हुई।
आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त पुलिस ने शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को जब्त कर आरोपी चालक जीतू मिर्जापुर उर्फ सतेंद्र दुबे (25), निवासी ग्राम पथरगुवां (थाना बमीठा) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए महंगी गाड़ियों और खास स्लोगन या नेम प्लेट का सहारा ले रहे हैं, जिसे देखते हुए संदिग्ध वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।




