इंदौर। फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए मोटे मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपए ठगने वाले गिरोह का तुकोगंज पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में सागर निवासी आरोपी आमिर को गिरफ्तार किया है। गिरोह के बैंक खातों में देश के अलग-अलग शहरों से अब तक 9 करोड़ रुपए से अधिक का संदिग्ध लेनदेन सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के बैंक खाते में जमा 4 करोड़ 53 लाख रुपए फ्रीज करवा दिए हैं।
तुकोगंज टीआई जितेंद्र चौहान के अनुसार, राज्य साइबर सेल और एनसीआरपी पोर्टल से मिले म्यूल (किराए के) खातों के डेटा की जांच के दौरान इस फर्जीवाड़े का पता चला। जांच में सामने आया कि ‘फीनिक्स इन्फिनेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से संचालित यूनियन बैंक खाते में करोड़ों रुपए जमा कराए गए थे। यह कंपनी आमिर के नाम पर पंजीकृत थी, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड दिल्ली में बैठकर नेटवर्क चला रहा है।
मूल रूप से सागर के गोपालगंज क्षेत्र का रहने वाला आमिर वर्तमान में इंदौर के महालक्ष्मी नगर में रह रहा था। गिरोह नवलखा क्षेत्र में दफ्तर खोलकर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में आरोपी ने खजराना निवासी अपने एक साथी मयूर शेख का नाम भी उगला है, वहीं गिरोह में सागर के कई अन्य युवकों के शामिल होने की बात भी सामने आई है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में भी ठगी के तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से 3 मोबाइल, 5 एटीएम कार्ड, चेकबुक और एक लैपटॉप जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि पूर्व में निवेशकों द्वारा की गई शिकायतों को पैसों के लेनदेन के जरिए दबाने की कोशिश की गई थी। फिलहाल पुलिस फरार मास्टरमाइंड और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।



