इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित गोधा एस्टेट कॉलोनी के गेट पर बुधवार देर रात हेलमेट पहने एक अज्ञात बदमाश ने पिस्टल से ताबड़तोड़ 6 फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर ड्यूटी पर तैनात गार्ड जब उसकी तरफ दौड़ा तो आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से 6 खाली खोखे बरामद कर अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांधी नगर पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। कॉलोनी के गेट पर गार्ड बुद्धदेव सेन तैनात थे। तभी हेलमेट पहने एक युवक पहुंचा और एक के बाद एक 6 हवाई फायर कर दिए। गार्ड ने शोर मचाते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला। गार्ड की सूचना पर सिक्योरिटी इंचार्ज प्रमोद पटेल ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
बिल्डर को धमकाने के एंगल से जांच जारी पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस वारदात को कॉलोनी के बिल्डर को डराने-धमकाने के एंगल से भी जोड़कर देख रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही लसूड़िया क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्टर और उनके बेटे को रोहित गोदारा गैंग के नाम से जान से मारने की धमकी मिली थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर फायरिंग की वजह तलाश रही है।



