भोपाल। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां ‘मरहबा बरगर ट्विस्टर’ के संचालक मुबीन ने वेट मशीन चोरी के शक में एक नाबालिग बच्चे को दुकान का शटर गिराकर अंदर बंद कर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
बुधवार को इस घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जो दो दिन पुराने बताए जा रहे हैं। करीब 11 मिनट के पहले वीडियो में आरोपी मुबीन बच्चे पर छुरी से 19 बार वार करता दिखाई दे रहा है। वहीं, डेढ़ मिनट के दूसरे वीडियो में बच्चे को 12 थप्पड़ मारे गए हैं। वीडियो में आसपास मौजूद अन्य लोग भी बच्चे को धमकाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि बच्चे को रातभर भूखा-प्यासा रखकर बंधक बनाया गया।
पुलिस को सूचना देने के बजाय कानून हाथ में लेने की इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान के अनुसार, मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। पुलिस पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों की तलाश कर रही है, जिसके बाद आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




