भोपाल। पति के निधन के बाद आत्मनिर्भर बनने के लिए होटल का कारोबार शुरू करने वाली 49 वर्षीय महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने बिजनेस पार्टनर अभिषेक पर होटल में ज्यादती, मारपीट और बदनाम करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शाहपुरा थाना पुलिस ने जांच के बाद बुधवार को आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, महिला के पास पैतृक संपत्ति थी, जिसके सहारे वह अपना काम शुरू करना चाहती थी। सोशल मीडिया के जरिए उसकी पहचान अभिषेक से हुई थी। कारोबार की इच्छा बताने पर अभिषेक ने साथ मिलकर होटल चलाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद दोनों ने पार्टनरशिप में बावड़िया कला स्थित एक होटल लीज पर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि 25 दिसंबर 2025 को आरोपी ने होटल में अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की। प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने दो दिन पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।




