भोपाल मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में आपत्तियों की सुनवाई के दौरान 78 गांवों के किसानों ने जमकर हंगामा किया और मास्टर प्लान के ड्राफ्ट की प्रतियां जलाकर अपना आक्रोश जताया। किसान अपनी कृषि भूमि का भू-उपयोग (लैंडयूज) न बदलने और उसे खेती के लिए ही सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं।

5 हजार आपत्तियां दर्ज, आजीविका पर संकट का आरोप बड़े तालाब के आसपास स्थित करीब 78 गांवों के किसानों ने इस मुद्दे पर लगभग 5 हजार आपत्तियां दर्ज कराई हैं, जबकि पूरे ड्राफ्ट पर अब तक 13,400 से अधिक आपत्तियां आ चुकी हैं। किसानों का आरोप है कि नए ड्राफ्ट में उनकी खेती की जमीन को रिवरफ्रंट, फॉरेस्ट और ग्रीन बेल्ट जैसी आरक्षित श्रेणियों में डाला जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा संकट खड़ा हो जाएगा।
BIZ-1 और BIZ-2 जोन हटाने की मांग किसान अनोखी सिंह पटेल और सजल जैन ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने लोगों को भ्रमित करने के लिए ‘भोजताल कैचमेंट जोन’ का नाम बदलकर ‘भोजताल इन्फ्लुएंस जोन’ (BIZ-1 और BIZ-2) कर दिया है। किसानों ने इन दोनों जोन को ड्राफ्ट से तत्काल हटाने की मांग की है। वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा के मनोहर सिंह ठाकुर ने कहा कि वे 2008 से इन प्रतिबंधों का विरोध कर रहे हैं।
ग्रामसभा की सहमति के बाद ही हो कोई फैसला किसानों का कहना है कि पूर्व में आश्वासन देने के बावजूद इस ड्राफ्ट को तैयार करने से पहले पंचायतों से कोई राय नहीं ली गई। उन्होंने मांग की है कि पहले सभी 78 गांवों में ग्रामसभाएं आयोजित कर किसानों से चर्चा की जाए और उनकी सहमति के बाद ही जमीन के उपयोग में किसी भी तरह के बदलाव पर अंतिम फैसला लिया जाए।




