विदिशा। छह साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी चंदू मियां के खिलाफ सोमवार को जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के अवैध तीन मंजिला मकान को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। वहीं, वन विभाग की टीम ने डेढ़ घंटे की जांच के बाद आरोपी की आरा मशीन को भी सील कर दिया है। मौके से बिना अनुमति के रखी गई भारी मात्रा में गीली लकड़ी बरामद हुई है।
यह कार्रवाई सकल हिंदू समाज और विश्व हिंदू परिषद के उग्र प्रदर्शन के बाद की गई। सुबह कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद चौराहे पर प्रदर्शन कर दोपहर 3 बजे तक अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम दिया था। इस प्रदर्शन में शामिल हुए विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि इस घटना से पूरा शहर शर्मसार हुआ है और प्रशासन को सरकारी जमीन से अवैध कब्जे तुरंत हटाने चाहिए। नगर पालिका के सहायक यंत्री (AE) के अनुसार, अवैध निर्माण को लेकर आरोपी को पहले ही दो नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
जांच के लिए एसआईटी (SIT) गठित एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को पीड़िता की मां की शिकायत पर बीएनएस (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। वहीं, बाल कल्याण समिति ने पीड़िता की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए हैं।




