इंदौर। शांति का टापू कहे जाने वाले इंदौर शहर को एक बार फिर बाहरी गैंगस्टर्स के नाम पर दहलाने की कोशिश की गई है। गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम की धमकी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब शहर के एक प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी गई है। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के विरोधी गिरोह ‘रोहित गोदारा गैंग’ के नाम पर दी गई इस धमकी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
पुर्तगाल के नंबर से आया कॉल, गोली मारने की दी चेतावनी लसूड़िया थाना क्षेत्र की सिंगापुर टाउनशिप निवासी 45 वर्षीय संजय भूरिया (पिता हेतराम भूरिया) का देवास नाका इलाके में बड़ा ट्रांसपोर्ट व्यवसाय है। संजय ने शनिवार को क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी से मुलाकात कर इस गंभीर मामले की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि पिछले चार दिनों से उनके मोबाइल पर अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन आ रहे हैं। फोन करने वाला शख्स खुद को रोहित गोदारा का खास हैंडलर ‘सागरसिंह शेखावत’ बता रहा है। आरोपी ने 10 करोड़ रुपये की मांग करते हुए रकम न देने पर संजय को सरेआम गोली मारने और अपहरण करने की सीधी चेतावनी दी है।
एसआईटी गठित, वीपीएन नेटवर्क के इस्तेमाल का शक मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्राइम ब्रांच पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। शुरुआती तकनीकी जांच में सामने आया है कि धमकी देने के लिए पुर्तगाल के अंतरराष्ट्रीय नंबरों का उपयोग किया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी अपनी असली लोकेशन छिपाने के लिए वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) या इंटरनेट कॉलिंग का सहारा ले रहा है।
कारोबारी की सुरक्षा बढ़ी, हर एंगल से जांच जारी क्राइम ब्रांच की साइबर सेल कॉल डिटेल्स और आईपी एड्रेस के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं किसी स्थानीय अपराधी या कारोबारी के किसी करीबी ने ही तो दहशत फैलाने के लिए गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल नहीं किया है। फिलहाल, पुलिस ने व्यवसायी संजय भूरिया और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।



