भोपाल। राजधानी की एक विशेष अदालत ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अपहरण और दुष्कर्म करने के जघन्य मामले में आरोपी अजीत राय उर्फ बाबू को अंतिम सांस (शेष प्राकृतिक काल) तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) श्रीमती कुमुदिनी पटेल की अदालत ने आरोपी पर अर्थदंड लगाने के साथ ही पीड़िता के भविष्य को देखते हुए उसे 6 लाख रुपये का प्रतिकर (मुआवजा) देने का भी आदेश पारित किया है।
विशेष लोक अभियोजक सुश्री दिव्या शुक्ला ने बताया कि घटना 15 अक्टूबर 2025 की शाम की है। हबीबगंज थाना क्षेत्र के 1100 क्वार्टर स्थित हनुमान मंदिर के पास खेल रही 5 साल की मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई थी। तलाश के दौरान सीसीटीवी फुटेज में क्षेत्र का निगरानी बदमाश अजीत राय बच्ची को ले जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने बच्ची को बरामद किया, तो वह घायल और डरी हुई अवस्था में मिली।
मासूम ने परिजनों को बताया कि आरोपी उसे कुरकुरे और चॉकलेट दिलाने का लालच देकर ऑटो से जंगल की ओर ले गया था। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म व अप्राकृतिक कृत्य किया और डरा-धमकाकर उसे शराब व गुटखा भी खिलाया।
हबीबगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर डीएनए रिपोर्ट व अन्य पुख्ता साक्ष्य कोर्ट में पेश किए। शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुश्री दिव्या शुक्ला और श्री नवीन श्रीवास्तव की सशक्त पैरवी व साक्ष्यों से सहमत होते हुए अदालत ने आरोपी को बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत दोषी करार दिया और शेष प्राकृतिक जीवन तक जेल में रखने का कठोर फैसला सुनाया।



