भोपाल। एयरपोर्ट रोड स्थित इंद्र विहार कॉलोनी में चोरों ने एक बिल्डर के सूने मकान को निशाना बनाकर 33 लाख 45 हजार रुपए का माल पार कर दिया। तीन नकाबपोश बदमाश मुख्य गेट से लेकर अलमारी तक के पांच ताले तोड़कर 29 लाख के सोने के जेवर, पौने दो किलो चांदी और 1.05 लाख रुपए नकद समेट ले गए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। कोहेफिजा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंद्र विहार कॉलोनी (ब्लॉक-12) निवासी अरविंद सिंह गुर्जर (42) बिल्डर और ठेकेदारी का काम करते हैं। 7 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे वे परिवार के साथ दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव गोहद खर्रौआ (जिला भिंड) गए थे। जाने से पहले उन्होंने घर के मुख्य गेट, अंदर के कमरों और अलमारी में अच्छी तरह ताले लगाए थे।
शुक्रवार देर रात जब वे परिवार के साथ वापस लौटे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों और अलमारी के ताले भी टूटे थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे 29 लाख रुपए कीमत के पुश्तैनी सोने के जेवर, 3 लाख 40 हजार रुपए की चांदी और 1 लाख 5 हजार रुपए नकद गायब थे।
फुटेज से सुराग जुटा रही पुलिस घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश पहले कॉलोनी में रेकी करते और फिर मकान में दाखिल होते नजर आ रहे हैं। पुलिस इलाके के अन्य कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाकर उनकी पहचान की जा सके।




