इंदौर। लसूड़िया पुलिस ने 20 वर्षीय युवती की शिकायत पर उज्जैन जिले के तराना निवासी विशाल राठौर को दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को तराना स्थित घर पर दबिश देकर उसे पकड़ा गया और एमवाय अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
एसीपी पराग सैनी ने बताया कि नवंबर 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी। मोबाइल नंबर साझा होने के बाद विशाल इंदौर आकर युवती से मिलने लगा। 30 दिसंबर 2025 को वह लंच के बहाने युवती को लसूड़िया क्षेत्र के एक होटल ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। मार्च 2026 में जब युवती ने शादी की बात की, तो आरोपी ने अलग समाज का हवाला देकर इनकार कर दिया। उसने युवती से लिए रुपए लौटाने से भी मना कर दिया और गाली-गलौज कर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।
करीब 10 दिन पहले आरोपी युवती को ब्लैकमेल करने लगा। मानसिक प्रताड़ना से परेशान युवती ने गुरुवार को परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद देर रात थाने पहुंचकर केस दर्ज कराया गया।




