भोपाल। राजधानी के परवलिया सड़क इलाके में एक होटल ब्रोकर द्वारा 45 वर्षीय महिला को हाउसकीपिंग की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गौतम तिवारी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने व बदनाम करने की धमकी देने का मामला दर्ज कर शुक्रवार सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, तलैया क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली महिला पति से अलग होकर घरों में साफ-सफाई का काम करती है। इसी दौरान उसका परिचय करोंद निवासी होटल ब्रोकर गौतम तिवारी से हुआ। आरोपी ने महिला को एक बड़े होटल में हाउसकीपिंग की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और काम की बात करने के बहाने उसे परवलिया इलाके के एक होटल में ले गया।
वहां नौकरी की बात तो नहीं बनी, लेकिन आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने मुंह खोलने पर महिला को समाज में बदनाम करने की धमकी दी और नौकरी दिलाने से भी मुकर गया। दो दिन पहले पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर परवलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



