पन्ना। कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को शहर के धाम मोहल्ला स्थित एक मकान पर छापामार कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में पूर्व नगर भाजपा मंडल महामंत्री विजय तिवारी, अल्पेश शर्मा सहित अन्य स्थानीय निवासी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से कुल 83 हजार 500 रुपए नकद और ताश की गड्डी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान कोतवाली पुलिस को मुखबिर से धाम मोहल्ला के एक घर में बड़े पैमाने पर जुआ चलने की सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दूसरी मंजिल पर दबिश दी, जहां ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने अल्पेश शर्मा (48) से 27 हजार (15 हजार पास से व 12 हजार फड़ से), मनोज शर्मा (53) से 21 हजार (12 हजार पास से व 9 हजार फड़ से), नितेश शर्मा (33) से 12 हजार (8 हजार पास से व 4 हजार फड़ से), विजय तिवारी (47) से 8 हजार 500 (5500 पास से व 3 हजार फड़ से), मोहित शर्मा (35) से 8 हजार (3500 पास से व 4500 फड़ से) तथा लोकेश शर्मा (44) से 7 हजार रुपए (4 हजार पास से व 3 हजार फड़ से) बरामद किए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शहर के प्रमुख लोगों के नाम सामने आने से यह कार्रवाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।



