भोपाल। उधारी के पैसे और शादी के दबाव को लेकर हुए विवाद में एक महिला की गला दबाकर हत्या करने और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने के मामले में जिला न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। बारहवें अपर सत्र न्यायाधीश जयंत शर्मा की अदालत ने शुक्रवार को आरोपी राजेंद्र प्रसाद वैद्य उर्फ राजू उर्फ नंदकिशोर को हत्या (धारा 302) के लिए उम्रकैद और साक्ष्य छिपाने (धारा 201) के लिए तीन साल के सश्रम कारावास सहित कुल दो हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक वर्षा कटारे ने पैरवी की।
क्या था पूरा मामला अभियोजन के अनुसार, 12 अक्टूबर 2022 को शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित मरघटिया मंदिर के पास एक निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो प्रसारित कर महिला की शिनाख्त गीता बाई (पत्नी नर्मदा प्रसाद) के रूप में की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गीता बाई मंदिर में राजेंद्र प्रसाद वैद्य से मिलने जाती थी।
बोरी में भरकर सेप्टिक टैंक में फेंका था शव सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने कबूल किया कि गीता बाई उस पर उधारी के पैसे लौटाने और शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात पर हुए विवाद के दौरान उसने गीता बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घोड़ा नक्कास बाजार से एक बड़ी बोरी खरीदकर लाया और रात करीब 1:15 बजे शव को बोरी में लपेटकर सेप्टिक टैंक में डाल दिया और ऊपर से पटिया ढक दी।
तकनीकी सबूतों से साबित हुआ जुर्म पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी के कपड़ों से मिले मृतका के बालों का डीएनए मिलान कराया, जो पॉजिटिव आया। इसके अलावा दोनों की मोबाइल कॉल डिटेल (सीडीआर) और मंदिर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज ने परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की कड़ी को मजबूत किया, जिसके आधार पर अदालत ने आरोपी को कठोर सजा सुनाई।



