भोपाल। बैरागढ़ स्थित सिविल अस्पताल में एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। इमरजेंसी सीजेरियन ऑपरेशन के लिए बुलाए जाने के बावजूद एनेस्थीसिया विशेषज्ञ ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इस बीच गर्भ में पल रहे शिशु की धड़कन धीमी होने लगी, जिसके बाद मजबूरन हाई-रिस्क गर्भवती महिला को दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा। मामले में अस्पताल अधीक्षक ने संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है।
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर की रात 31 वर्षीय गर्भवती नाजिया (पत्नी शाहबाज खान) को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल सीजेरियन ऑपरेशन जरूरी था। रात 9:30 बजे पति द्वारा हाई-रिस्क सहमति पत्र (कंसेंट) देने के बाद, 9:45 बजे ड्यूटी पर मौजूद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना खान और परिजनों ने एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद पाण्डेय को फोन कर ऑपरेशन के लिए बुलाया।
सिविल सेवा नियमों के तहत होगी कार्रवाई अधीक्षक ने डॉ. पाण्डेय को स्वयं उपस्थित होकर 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। मामले की जानकारी सीएमएचओ और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को भी दी गई है। सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई की बात कही है।
ऑपरेशन से इनकार और स्टाफ से अभद्रता का आरोप अस्पताल प्रबंधन द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद भी डॉ. पाण्डेय ने ऑपरेशन के लिए आने से साफ मना कर दिया। आरोप है कि उन्होंने फोन पर नर्सिंग सिस्टर बीना बाथम के साथ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। अधीक्षक ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और मरीज की जान से खिलवाड़ माना है।




