भोपाल। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए गौतम नगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक कुख्यात बदमाश और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो 269 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने 12 नवंबर को पहली कार्रवाई अटल अयूब नगर केबिन के पास की। यहां से पुलिस ने छोला रोड निवासी कैलाश कुशवाह उर्फ बड़े (35) को पकड़ा, जिसके पास से 4 किलो 104 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, कैलाश हनुमानगंज थाने का निगरानीशुदा बदमाश है और उस पर पहले से 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रायसेन की दो महिलाएं भी हत्थे चढ़ीं दूसरी कार्रवाई नारियल खेड़ा स्थित माता मंदिर के पास की गई। यहां पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रही दो महिलाओं— मंडीदीप निवासी पूजा राठौर (28) और रायसेन निवासी सपना वंशकार (26) को पकड़ा। तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 4 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू गौतम नगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश को रिमांड पर लिया है, जिससे गांजा लाने और खपाने के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।




