भोपाल। पुलिस कमिश्नर के जनसंवाद कार्यक्रम में गैरहाजिर रहना चूनाभट्टी थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मौर्य को भारी पड़ गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी और लापरवाही मानते हुए डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
दरअसल, थाना क्षेत्र में आम जनता की समस्याएं सुनने और पुलिस व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए पुलिस कमिश्नर की मौजूदगी में जनसंवाद कार्यक्रम रखा गया था। खुद कमिश्नर के पहुंचने के बावजूद स्थानीय थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। आला अधिकारियों ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना और उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। राजधानी में पुलिस की कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त रखने और जवाबदेही तय करने के लिहाज से इस कार्रवाई को बेहद सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।




