विदिशा (शमशाबाद)। वन विभाग की टीम ने शमशाबाद वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल की जमीन जोत रहे एक ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया है। इसके जरिए करीब 5 एकड़ वन भूमि पर कब्जा कर खेती के लिए तैयार किया जा रहा था।
वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत रविवार को विभागीय टीम किशनपुर बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ-281 में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम खोवा इलाके का एक सोनालिका ट्रैक्टर जंगल की जमीन जोतता मिला। टीम ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि शमशाबाद और लटेरी के जंगलों में सागौन समेत कीमती पेड़ों की अवैध कटाई के बाद खाली हुई जमीन पर अतिक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।
24 नवंबर तक चलेगा सुरक्षा अभियान जंगलों को अवैध कटाई और अतिक्रमण से बचाने के लिए 12 से 24 नवंबर तक वन सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके तहत वन अमला लगातार गश्त कर रहा है। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि जंगल में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।



