भोपाल। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर गुरुवार को क्षेत्रीय परिवहन स्क्वैड ने आईएसबीटी (ISBT) पर यात्री बसों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने करीब 32 बसों की बारीकी से जांच की।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बसों में यात्री सुरक्षा, परमिट शर्तों के पालन, फायर सेफ्टी उपकरणों और फिटनेस प्रमाण पत्रों की पड़ताल की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 5 बसों (क्रमांक BR 01 GR 9717, MP 44 ZF 6222, MP 44 ZH 9555, MP 70 ZG 4353 और MP 41 ZG 3333) पर चालानी कार्रवाई करते हुए उनसे कुल 3.28 लाख रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया।
इसके अलावा, गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक बस को मौके पर ही जब्त कर सुरक्षार्थ आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया है। परिवहन विभाग की इस औचक कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मचा रहा।








