भोपाल। कोलार रोड पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले सात महीने से फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश गोविंद मालवीय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 30 वर्षीय आरोपी को शनिवार को नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर उस वक्त दबोचा, जब वह मुंबई भागने के लिए टिकट ले रहा था।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 की रात पुरानी रंजिश के चलते दामखेड़ा निवासी गोविंद मालवीय ने अपने साथियों के साथ मिलकर निखिल सितोले पर धारदार छुरी से हमला कर दिया था, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में दो आरोपियों धन्नू उर्फ धनराज और प्रिंस उर्फ गन्नू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि गोविंद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
मुखबिर और तकनीकी सेल की मदद से पुलिस टीम पहले रायसेन के बेगमगंज पहुंची और फिर पीछा करते हुए उसे नर्मदापुरम स्टेशन से धर दबोचा। गोविंद थाने का सूचीबद्ध बदमाश है, जिस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों जुगल बिछेले और आशीष मालवीय की तलाश जारी है।



