ग्वालियर। गर्लफ्रेंड को महंगा आईफोन गिफ्ट करने का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। शॉर्टकट के चक्कर में ग्राहक बनकर मोबाइल शॉप पर पहुंचे युवक ने दुकानदार की नजर हटते ही काउंटर से आईफोन उठाया और भाग निकला। हालांकि, दुकानदारों और राहगीरों ने पीछा कर उसे दबोच लिया और पिटाई करने के बाद कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना रविवार दोपहर महाराज बाड़ा स्थित टोपी बाजार के एमएस मोबाइल शॉप की है। दुकान के कर्मचारी अदनान खान के अनुसार, एक युवक सिल्वर रंग का आईफोन एक्सआर (कन्वर्टेड) देखने के बहाने आया था। इसी बीच अन्य ग्राहकों के आने पर अदनान व्यस्त हो गए। मौका पाकर आरोपी मोबाइल लेकर भीड़ में भाग निकला।
अदनान और दुकान मालिक राज चौरसिया के शोर मचाने पर बाजार के अन्य व्यापारियों और राहगीरों ने पीछा किया और बाड़ा चौकी के पीछे छापाखाना के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान आंतरी के ग्राम तोड़ा निवासी राहुल उर्फ भोलू यादव (20) के रूप में हुई है, जिसने गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने के लिए चोरी करना कबूल किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी विनायक करकरे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।




