भोपाल। मकान देने के नाम पर लोगों से करीब 30 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले बिल्डर दंपती संदीप और संगीता रमतानी से अयोध्या नगर पुलिस की पूछताछ जारी है। शनिवार को जिला अदालत में पेश करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
अयोध्या नगर टीआई महेश लिल्हारे ने बताया कि दंपती पिछले दो साल से फरार थे। फरारी के दौरान दोनों ने विदेश यात्रा की और दिल्ली, यूपी व गुजरात में छिपे रहे। पुलिस से बचने के लिए दोनों भोपाल में भी अलग-अलग ठिकानों पर रह रहे थे और वॉट्सऐप कॉल के जरिए बात करते थे। शुक्रवार देर रात पुलिस ने संदीप को शाहपुरा और संगीता को बैरागढ़ से गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि संदीप अपने चाचा की गमी में शामिल होने भोपाल आया था।
दर्ज हैं 9 अपराध और 10 वारंट आरोपी दंपती ने ‘लैंडमार्क होम्स’ कंपनी के जरिए सस्ते मकानों का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठी थी। उनके खिलाफ भोपाल, जबलपुर और पंजाब समेत विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के 9 मामले दर्ज हैं, जबकि चेक बाउंस के 10 वारंट भी जारी हैं। गिरफ्तारी की खबर के बाद अब तक करीब डेढ़ दर्जन नए पीड़ित भी शिकायत लेकर थाने पहुंचे हैं, जिस पर पुलिस जल्द ही चौथी एफआईआर दर्ज करेगी।



