भोपाल। राजधानी में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कब्रिस्तान की जमीन प्रभावित होने के विरोध में शनिवार शाम एक सामाजिक कार्यकर्ता ने औकाफ-ए-शाही कार्यालय के प्रभारी तलत हक्कानी पर स्याही फेंक दी। घटना मोती मस्जिद इलाके में मलिक डेयरी के पास हुई, जिसके बाद हक्कानी ने तलैया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, औकाफ-ए-शाही के प्रभारी तलत हक्कानी शाम करीब 6:45 बजे अपने साथी फिरोज के साथ कार्यालय से घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामाजिक कार्यकर्ता आमिर आजाद ने कुछ लोगों के साथ उन्हें रोक लिया और उन पर स्याही डाल दी।
10 साल से जारी है विवाद घटना के बाद आमिर आजाद ने आरोप लगाया कि मेट्रो के दिन-रात चल रहे निर्माण कार्य से कब्रिस्तान और मस्जिदों की जमीन प्रभावित हुई है, जिससे बुजुर्गों को दफनाने की जगह का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि वे 10 साल से यह लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रभारी हक्कानी के उस बयान पर भी नाराजगी जताई, जिसमें उन्होंने मेट्रो के काम में हस्तक्षेप न होने की बात कही थी। आमिर ने चेतावनी दी है कि अब इस मामले में आला अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।




