भोपाल। पंचशील नगर में सड़क पर बंधे घोड़े की जोरदार लात लगने से घायल हुए 39 वर्षीय ठेकेदार की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष श्रवण कर के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेने वाले संतोष रविवार शाम करीब 7 बजे अपने साले के साथ रिश्तेदार की शादी के कार्ड बांटकर बाइक से घर लौट रहे थे। घर के पास ही एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कब्जा कर अस्तबल बना रखा है, जहां सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे रहते हैं। संतोष जैसे ही उन घोड़ों के बीच से निकले, एक घोड़े ने उनके पेट में जोरदार लात मार दी। गंभीर रूप से घायल संतोष को पेट में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ के बाद चुना भट्टी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। संतोष ने पिछले साल ही एक बच्चे को गोद लिया था।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई मृतक के भाई विनोद का आरोप है कि इन घोड़ों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं; एक घोड़ा पहले एक युवक को काट चुका है और उसकी लात से एक कुत्ते की भी मौत हो चुकी है। इस खतरे को लेकर सीएम हेल्पलाइन, टीटी नगर थाने और स्थानीय पार्षद से शिकायत की गई थी। दो दिन पहले नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची भी थी, लेकिन महज खानापूर्ति करते हुए चालान काटकर लौट गई।
टीटी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




