जबलपुर। माढ़ोताल पुलिस ने मंगलवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान एक मोपेड की डिक्की से 32 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने गोहलपुर निवासी आयुष लालवानी और पाटन निवासी शुभम कुशवाहा को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाने के सामने चेकिंग अभियान के दौरान मोपेड सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। संदेह होने पर जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर गाड़ी की डिक्की में नोटों से भरा बैग मिला। पूछताछ में दोनों युवक नकदी के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही इससे जुड़े दस्तावेज दिखा पाए।
मामले में हवाला कारोबार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि ये युवक कैरियर के तौर पर काम कर रहे थे और रकम को आसपास के जिलों में पहुंचाने जा रहे थे। जांच में ‘बंटी’ नामक एक स्थानीय कारोबारी का नाम भी सामने आया है, जिसकी पुलिस पुष्टि कर रही है। फिलहाल, नकदी और मोपेड को जब्त कर मामले की आगे की जांच आयकर विभाग को सौंप दी गई है।




