बालाघाट। जिले के बैहर विकासखंड स्थित आमगांव के सांदीपनि स्कूल के बालिका छात्रावास में ‘भूत-प्रेत’ की दहशत फैलने से हड़कंप मच गया है। अजीबोगरीब घटनाओं और डर के माहौल के चलते छात्रावास में रहने वाली 50 में से 35 छात्राएं अपना सामान समेटकर घर चली गई हैं।
क्या है पूरा मामला? छात्राओं का आरोप है कि रात के समय हॉस्टल के दरवाजे खटखटाने की आवाजें आती हैं और उन्हें अजीब सा भारीपन महसूस होता है। इस डर की वजह से कई बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें बुखार आया और वे घबराकर अजीब हरकतें करने लगीं। छात्राओं का यह भी दावा है कि शिकायत करने पर प्रबंधन ने समस्या सुलझाने के लिए बैगा पंडा बुलाकर तंत्र-मंत्र (झाड़-फूंक) कराया।
वीडियो आया सामने इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्राएं रात के अंधेरे में अपने बैग लेकर छात्रावास से बाहर निकलती दिख रही हैं।

प्रबंधन की सफाई और सवाल मामले पर स्कूल के प्राचार्य डीएस वाड़िवे ने भूत-प्रेत की बात और झाड़-फूंक कराने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि छात्राएं त्योहार और पूजा के लिए परिजनों के साथ घर गई हैं, और तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाने के ही निर्देश हैं। हालांकि, एक साथ 35 छात्राओं के हॉस्टल खाली कर देने के सवाल पर प्राचार्य कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।



