अशोका गार्डन इलाके में मंगलवार रात गुटका फैक्ट्री में काम करने वाले दो भाइयों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। दोनों आरोपी भाइयों का एक ठेकेदार से विवाद चल रहा था। इसी दौरान युवक वहां पहुंच गया, और उन्हें शक हुआ कि युवक को ठेकेदार ने लड़ाई के लिए बुलाया है।
आरोपियों ने पहले युवक की लात-घूंसा से पिटाई की, फिर एक भाई ने चाकू से युवक के सीने में वार किया। कुछ कदम चलने के बाद युवक गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में ठेकेदार और एक साथी युवक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।
टीआई हेमंत श्रीवास्तव के मुताबिक, 21 वर्षीय राहुल पाल, जो गुटका फैक्ट्री में मजदूरी करता था, सुभाष कॉलोनी में अपने चचेरे भाई सुरजीत के साथ किराए के कमरे में रह रहा था। राहुल का मूल निवास गूरा बरेला बदायूं था। आरोपी पक्ष में लोकेश और भूपेंद्र सूर्यवंशी भी उसी फैक्ट्री में काम करते थे और दोनों सगे भाई थे।
मंगलवार रात श्याम नामक ठेकेदार से आरोपियों का विवाद चल रहा था। राहुल और उसके रूम पार्टनर आर्यन सक्सेना खाना खाने के बाद वॉक पर निकले और ठेकेदार और आरोपियों के बीच हो रही बहस को देखा। आरोपियों को यह संदेह हुआ कि ठेकेदार ने राहुल को लड़ाई के लिए बुलाया है।
इस पर नाराज होकर दोनों भाइयों ने राहुल पर हमला कर दिया। लोकेश ने चाकू से राहुल के सीने में वार किया, जिससे राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। आर्यन डर के कारण वहां से भाग गया और अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
दोनों आरोपी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े
टीआई हेमंत श्रीवास्तव के अनुसार, पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। अब पुलिस उन्हें बुधवार दोपहर बाद कोर्ट में पेश करेगी

चश्मदीद का बयान; 22 कदम चल कर गिरा राहुल
घटना के चश्मदीद आर्यन श्रीवास्तव ने बताया कि वह खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। कमरे के पास श्याम ठेकेदार और लोकेश व भूपेंद्र के बीच विवाद हो रहा था। जब वह रुक गए तो लोकेश ने राहुल पर चाकू से हमला कर दिया, जिसे उसने सीने में घोंप दिया।
इसके बाद भूपेंद्र ने राहुल को लात-घूंसा से पीटना शुरू कर दिया। राहुल जान बचाने के लिए 22 कदम तक भागा, लेकिन वह गिरकर बेहोश हो गया। दोनों आरोपी मौके से भाग गए। राहुल को हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के समय दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। पुलिस ने दोनों को उनके कमरे से गिरफ्तार कर लिया।
बता दें राहुल पाल दो महीने पहले ही अपने गांव से भोपाल काम करने आया था। इस दौरान उसके परिवार वाले उसकी शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। राहुल हर रोज फोन पर अपने परिजनों से बातचीत करता था। वह गरीब परिवार से था, और काम करने के लिए भोपाल आया था। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद, परिवार ने शव को लेकर गांव के लिए रवाना कर दिया।




