दहेज में दो लाख रुपये की मांग कर रहे लोभियों ने नवविवाहिता को घर से निकाल दिया। शिकायत मिलने पर गोहलपुर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना की एफआइआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि पनागर निवासी प्राची सेन का विवाह शांतिनगर गोहलपुर निवासी सचिन सेन से हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद से पति सचिन, सास संगीता तथा ससुर अयोध्या प्रसाद प्राची से दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज की रकम न मिलने पर तीनों उसके साथ मारपीट कर शारीरिक व मानसिक यातना देने लगे। दहेज की रकम न मिलने से नाराज लोभियों ने उसे ससुराल से भगा दिया। जिसके बाद उसे मजबूरी में अपने मायके में निवास करना पड़ रहा है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।इसी प्रकार, लोभी पति ने नवविवाहिता को चार साल की बेटी समेत घर से निकाल दिया। सिहोरा पुलिस ने बताया कि संध्या चौधरी 26 वर्ष निवासी हृदयनगर गोसलपुर ने घटना की एफआइआर दर्ज कराई है। संध्या का विवाह अप्रैल 2015 में गंजताल निवासी संजू उर्फ संजय के साथ हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद तक सब कुछ ठीक रहा। परंतु बेटी के जन्म के बाद उसे ससुराल में शारीरिक व मानसिक यातना दी जाने लगी। पति संजू उससे दहेज में दो लाख रुपये की मांग करने लगा। बेटे न होने पर पति उसे ताना मारने लगा। वर्ष 2021 में संजू सुंदरपुर पिपरिया निवासी एक महिला को अपने साथ घर ले आया। तथा दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। बेटी के भविष्य की चिंता के कारण संध्या पति की प्रताड़ना बर्दाश्त करती रही। इस बीच 16 जनवरी को सुबह करीब 10 बजे संजू ने संध्या के साथ मारपीट की। उसने बेटा न होने पर उसे ताना दिया। दो लाख रुपये की खातिर जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। मजबूरी में उसे बेटी समेत मायके में रहना पड़ रहा है। धारा 498 ए, 294, 323, 506 एवं 3, 4 दहेज अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज कर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।




