नर्मदापुरम में एक 50 साल के प्राचार्य पर महिला टीचर को I Love You मैसेज भेजने का आरोप है। उन्होंने हिंदी फिल्म का गाना ‘फूल तुम्हें भेजा है खत’ में लिखकर उनसे जवाब भी मांगा। जब टीचर ने कहा कि आप मेरे पिता जैसे हैं तो उन्होंने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
मामला जिले के हथवास के एक स्कूल का है। पीड़ित टीचर ने जिला शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत की थी। मामला सामने आने पर शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रह्लादी ने तीन सदस्यीय जांच टीम हथवास भेजी।
जांच में प्रथम दृष्टया शिक्षिका द्वारा लगाएं आरोप सही पाएं गए। पीड़िता शिक्षिका के अलावा स्कूल की 8 से अधिक महिला शिक्षिकाओं ने भी प्राचार्य पर प्रताड़ना के आरोप लगाए है। जांच टीम की रिपोर्ट पर जिला शिक्षा अधिकारी ने नर्मदापुरम संयुक्त संचालक को प्राचार्य सुरेश श्रीवास्तव के सस्पेंड का प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है।
प्राचार्य ने मैसेज में लिखा “फूल तुम्हे भेजा है खत में” प्राचार्य ने शिक्षिका को जो वॉट्सऐप पर मैसेज भेजे उसमें एक गीत की लाइनें लिखी। “फूल तुम्हें भेजा है खत में, फूल नहीं मेरा दिल है तुम बहुत अच्छी लगती हो। I love you ….. and you”. आगे लिखा…मुझे आपका जवाब यस या नो में चाहिए। अगले मैसेज में लिखा “स्कूल में तुम सबसे भरोसेमंद हो, आई लव यू, किसी से कहना मत।” प्राचार्य ने शिक्षिका के वॉट्सऐप पर ऐसे कई मैसेज भेजे।

शिक्षिका ने लिखित शिकायत की, स्क्रीन शॉट दिए प्राचार्य के एसएमएस का शिक्षिका ने जवाब में कहा कि आप मेरे पिता जैसे हो। इसके बाद भी जब प्राचार्य नहीं माने तो शिक्षिका ने 17 सितंबर को पिपरिया बीईओ और जिला शिक्षा अधिकारी से प्राचार्य की लिखित शिकायत की। आवेदन में शिक्षिका ने कहा-प्राचार्य बार बार मुझे अभद्र और अनुचित मैसेज भेजते हैं।
जब मैंने मना किया तो उन्होंने मुझे अन्य कार्य में लगाकर मुझे मानसिक दबाव दबाव डालने का प्रयास किया। मैं मानसिक रूप से परेशान हूं। अपने कार्य को ढंग से नहीं कर पा रहीं हूं। यह व्यवहार महिला कर्मचारियों के सम्मान के प्रतिकूल है। शिक्षिका ने वॉट्सऐप के मैसेज का स्क्रीन शॉट भी दिए हैं।

मना किया तो प्रताड़ित करना शुरू कर दिया शिक्षिका का आरोप है कि उसने मैसेज का जवाब दिया कि आप मेरे लिए रिस्पैक्ट फुल पर्सन हैं। मैं ऐसा कुछ नहीं सोचती हूं। एक मैसेज में शिक्षिका ने कहा कि आप रिस्पैक्टेबल टीचर मेरे फादर (पिता) जैसे हैं। इसके बाद प्राचार्य ने उन्हें दूसरी तरह से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अलग-अलग कार्य में ड्यूटी लगाकर प्रताड़ना देना शुरू कर दिया। टीचर की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई।
प्राचार्य बोले : मोबाइल टच होने से मैसेज चला गया इस मामले में प्राचार्य ने सफाई दी है। उन्होंने बताया इस मैटर पर सुलह हो गई है। धोखे से मैसेज हो गया था। मैंने बीपी की दवा नहीं ली थी। फेसबुक का मैसेज था वो हाथ टच होने से सेंड हो गया था।
प्राचार्य शिक्षामंत्री की देता था धमकी प्राचार्य की हरकतों को लेकर अन्य शिक्षकों ने भी 17 सितंबर को बीईओ पिपरिया को लिखित शिकायत की थी। इसमें शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्राचार्य शिक्षा मंत्री का डर दिखाकर ट्रांसफर करने की धमकी देते हैं। प्राचार्य के क्लास में जाने पर महिला शिक्षिका असहज महसूस करते हैं। शिकायत के बावजूद बीईओ पिपरिया ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई।
बीजेपी नेत्री का पति है प्राचार्य स्कूल प्राचार्य सुरेश श्रीवास्तव की पत्नी अनिता श्रीवास्तव भाजपा नेत्री है। पिपरिया में भाजपा नगर मंडल की महामंत्री है।




