इंदौर:
चंदन नगर पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के दो बड़े मामलों में कार्रवाई की है। दोनों ही मामलों में ठगों ने पीड़ितों को मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड कराई और फोन को अपने कब्जे में लेकर बैंक खातों से करीब-करीब एक-एक लाख रुपए साफ कर दिए। पुलिस ने बुधवार को मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला ताप्ती परिसर निवासी हरविंदर सिंह का है। 19 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल आई थी, जिसे खोलते ही उनका फोन हैंग हो गया और यूनियन बैंक खाते से 99 हजार रुपए कटकर मुस्तफा अली नामक व्यक्ति के यूपीआई खाते में ट्रांसफर हो गए। साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी मुस्तफा अली के खिलाफ FIR दर्ज की है।
दूसरा मामला वर्धमान नगर निवासी नीरज चौहान के साथ हुआ। उनके फोन पर भी इसी तरह एपीके फाइल भेजी गई थी, जिसे डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से करीब 1 लाख रुपए निकल गए। यह रकम नीरज नाम के ही दूसरे व्यक्ति के खाते में पहुंची है। पुलिस दोनों मामलों के आरोपियों की तलाश कर रही है।




