बांसवाड़ा | सदर थाना क्षेत्र में दोस्ती के कत्ल की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक में अपने ही दोस्त का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को क्षत-विक्षत कर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने हाथ पर बने टैटू की मदद से मृतक की शिनाख्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जेल की मुलाकातों से शुरू हुआ शक का सिलसिला मृतक की पहचान 27 वर्षीय विशाल बंजारा के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिनेश जब जेल में था, तब विशाल ही उसकी प्रेमिका को जेल में उससे मिलवाने ले जाता था। जेल से छूटने के बाद दिनेश ने अपनी प्रेमिका से शादी तो कर ली, लेकिन उसे अपनी पत्नी और विशाल के बीच नजदीकियों का शक होने लगा।
मोबाइल पर आई ‘फोटो’ बनी मौत का कारण हत्या की यह खौफनाक वारदात 30 जनवरी की रात हुई। दिनेश, विशाल और उनका एक साथी सुशील साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान विशाल के मोबाइल पर दिनेश की पत्नी का फोन आया। मोबाइल स्क्रीन पर पत्नी की फोटो देखते ही दिनेश का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने सुशील के साथ मिलकर वहीं विशाल का गला रेत दिया। अगले दिन सबूत मिटाने के उद्देश्य से उन्होंने शव को क्षत-विक्षत किया और नाले में फेंक दिया।
टैटू ने खोला राज, पुलिस ने दबोचा 6 फरवरी को नाले में क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल था, लेकिन दाहिने हाथ पर गुदे ‘आकाश’ नाम के टैटू से उसकी शिनाख्त हुई। विशाल की मां ने पहले ही दिनेश पर शक जताया था। पुलिस ने जब संदिग्धों की कॉल डिटेल खंगाली और सख्ती से पूछताछ की, तो दिनेश और सुशील ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
इलाके में भारी आक्रोश एक दोस्त द्वारा ही दोस्त की ऐसी नृशंस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दहशत है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




