भिंड जिले की लहार तहसील में विवादित जमीन पर स्थापित कर दी गई डा. आंबेडकर की प्रतिमा को हटवाने पहुंचे एसडीएम (प्रशिक्षु आइएएस) विवेक केवी और तहसीलदार नवीन भारद्वाज को उपद्रवियों ने जलाने का प्रयास किया। पहले तो प्रशासन की टीम पर पत्थर व गोबर फेंका गया। लोगों के विरोध के बावजूद जब अधिकारी प्रतिमा के पास पहुंच गए तो आसपास की झोपड़ियों व झाड़ियों में आग लगा दी गई। एसडीएम टीम के साथ फिर भी वहां डटे रहे। बाद में लोगों को समझाइश देने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद स्थानीय रहवासियों ने स्वयं ही प्रतिमा को विवादित स्थान से हटा दिया।
लहार के वार्ड क्रमांक 14 निवासी कृष्णा सीताराम राठौर ने एसडीएम से शिकायत की थी कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों ने डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगा दी है। उसे हटाने की बात कहने पर लोग उनके साथ मारपीट पर उतारू हो जाते हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसडीएम तहसीलदार नवीन भारद्वाज के साथ गुरुवार को प्रतिमा हटवाने पहुंचे। उनके साथ कई कर्मचारी व पुलिसकर्मी भी थे। पुलिस-प्रशासन की टीम पर कुछ बदमाशों ने पत्थर और गोबर फेंके। इसके बाद प्रतिमा के पास ही घास-फूस व झोपड़ी में आग लगा दी। आग से घिरे एसडीएम व तहसीलदार को टीम के अन्य सदस्यों व पुलिसकर्मियों ने वहां से सुरक्षित निकाल लिया। तब तक अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। उपद्रवी तत्व वहां से भाग निकले।
इनका कहना है
-स्थानीय लोगों को समझाइश देते हुए कहा था कि अगर आप खुद ही प्रतिमा हटा लेंगे तो कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद उन लोगों ने खुद ही प्रतिमा को हटा दिया। फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
– विवेक केवी, एसडीएम, लहार, भिंड
एसडीएम बोले, आप बाबा साहब के बनाए नियम उन्हीं की मूर्ति के लिए तोड़ रहे
मैं बाबा साहब को बहुत मानता हूं। मेरी नौकरी उन्हीं के संविधान से है। उन्होंने संविधान में नियम लिखा है, प्रतिमा लगाने के लिए सरकारी कार्यालय में आवेदन होगा। उन्होंने नियम बनाए हैं। हम बिना नियम के लगाएंगे तो उनको बहुत परेशानी होगी। आप उनके नियमों को उनकी प्रतिमा के लिए तोड़ रहे हो, यह सही नहीं है। रुको! आपने क्या किया, हम सब बाबा साहब के कर्मचारी हैं। हम यहां आए, आपने चारों तरफ आग लगा दी। यह बहुत बड़ा जुर्म है। यह बात प्रतिमा हटाने के विवाद में बढ़े तनाव के बीच प्रशिक्षु आइएएस एसडीएम केवी विवेक ने कही तो लोग मान गए। लोगों ने विवादित जमीन से प्रतिमा हटाई। अब इस प्रतिमा को अविवादित सरकारी जमीन पर स्थापित किया गया है।
एसडीएम ने कहा, बाबा साहब की मूर्ति मेरे कार्यालय में सम्मान के साथ रहेगी। सब से बातचीत के बाद प्रतिमा लगाई जाएगी। सभी के पास वीडियो हैं, पूरा मोहल्ला अंदर हो सकता है। आपने मूर्ति हटाने में सहयोग किया तो मैं कोई कार्रवाई नहीं करूंगा। आपने बड़ी गलती कर दी है।
भिंड, मुरैना, श्योपुर में हो चुकी ऐसी घटनाएं
भिंड, मुरैना और श्योपुर में अभी तक कई घटनाएं इस तरह की हो चुकी हैं, जिनमें जमीन पर डा. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर अतिक्रमण का प्रयास किया और जब प्रशासन की टीम उसे हटवाने पहुंची तो तनाव की स्थति बन गई। एसडीओपी अवनीश बंसल ने बताया कि पुलिस के पास कोई आवेदन नहीं पहंुचा है। लोग समझाइश से मान गए हैं। इसलिए किसी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।




