भोपाल। राजधानी के परवलिया थाना क्षेत्र के झिरनिया गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रही 7 वर्षीय मासूम सूफिया खान की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब बच्ची का पैर पास के घर से टूटकर गिरे बिजली के तार पर पड़ गया।
हाथ-पैर बुरी तरह झुलसे
परिजनों के अनुसार, सूफिया (पिता ऐजाज खान) बिना चप्पल पहने घर के पास बच्चों के साथ खेल रही थी। आंधी के कारण पड़ोस के घर की बिजली लाइन का तार टूटकर जमीन पर पड़ा था। जैसे ही सूफिया का पैर तार पर पड़ा, वह करंट की चपेट में आ गई। खुद को बचाने के प्रयास में जब उसने हाथ से तार हटाने की कोशिश की, तो उसके हाथ भी बुरी तरह झुलस गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूफिया गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
पुलिस जांच में जुटी
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है और बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भी ग्रामीणों में रोष है।
सीख: आंधी-तूफान के बाद बच्चों को घर से बाहर भेजने से पहले आसपास के रास्तों की जांच जरूर करें। बिजली के तारों से दूरी बनाए रखना ही बचाव है।




