भोपाल। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 48 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। घर के बाहर टहल रहे साइट सुपरवाइजर को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
टहलते समय मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक, बी-सेक्टर पिपलानी निवासी हटे सिंह जादव (48) एक ठेकेदार के पास साइट सुपरवाइजर थे। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे, तभी एक ई-रिक्शा ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हटे सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मां को छोड़ भागा चालक
मृतक के भाई भाव सिंह ने बताया कि हादसे के वक्त रिक्शा में चालक की मां भी बैठी थी। टक्कर के बाद आरोपी चालक अपनी मां और रिक्शा को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। चालक की मां ने बताया कि रिक्शा के ब्रेक कम लग रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
पिपलानी पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब फरार रिक्शा चालक की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।




