भोपाल। राजधानी के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के एक मैरिज गार्डन में चल रहे शादी समारोह के दौरान कमरा नंबर 103 का ताला तोड़कर जेवरात चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया शत-प्रतिशत मशरूका (कीमती सामान) बरामद कर लिया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग
पुलिस के मुताबिक, मालीखेड़ी निवासी फरियादी रूप सिंह मेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 मई को लांबाखेड़ा बायपास स्थित ‘दा गार्डन टेल्स’ मैरिज गार्डन में उनकी बहन की शादी थी। इसी दौरान व्यस्तता का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने उनके कमरे से चांदी की 4 चूड़ियां, पायल, बिछिया, सोने की हाई और चांदी की चेन पार कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में बनी टीम: एसपी भोपाल (देहात) पंकज पाण्डेय के निर्देश और एएसपी डॉ. नीरज चौरसिया व एसडीओपी मंजू चौहान के मार्गदर्शन में ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे की अगुवाई में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध युवक रात करीब 11:53 बजे कमरे में आते-जाते दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने सैनी चौराहा लांबाखेड़ा से 23 वर्षीय आरोपी प्रीतम मेहर को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जनता से सतर्क रहने की अपील
इस सफलता पर पुलिस टीम के आशीष सप्रे, पर्वत मीना, अरविंद शर्मा, वीरेन्द्र राजपूत, बलराम मीना, धर्मेन्द्र राजपूत और मधुर चतुर्वेदी की सराहना की गई है। साथ ही, भोपाल देहात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शादी-ब्याह जैसे भीड़भाड़ वाले आयोजनों में अपने कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतें।




