इंदौर। शहर के मेघदूत नगर में रविवार सुबह एक दंपती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान हल्के वीर पटेल और उनकी पत्नी रोशनी के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनकी मासूम बेटी के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बरामद किए।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पत्नी के पीथमपुर निवासी सतीश साहू नामक व्यक्ति से प्रेम संबंधों का जिक्र है। नोट में लिखा है कि इसी धोखे के कारण वे जहर खाकर जान दे रहे हैं। मृतक हल्के वीर ने यह भी आरोप लगाया कि शनिवार को जब वह सतीश को समझाने गया था, तो सतीश और उसके परिवार ने उसके साथ मारपीट की थी।
गला घोंटने की आशंका:
हीरा नगर थाना प्रभारी सुशील पटेल के मुताबिक, सुसाइड नोट में जहर खाने की बात है, लेकिन रोशनी के गले पर चोट के निशान मिले हैं। अंदेशा है कि रोशनी की गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




