भोपाल में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए भोपाल क्राइम ब्रांच ने देर रात एक बड़ा ‘मिडनाइट चेकिंग अभियान’ चलाया। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और एडिशनल कमिश्नर मोनिका शुक्ला के निर्देशों पर हुई इस अचानक कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया। क्राइम ब्रांच की 4 विशेष टीमों के करीब 60 अधिकारी-कर्मचारियों ने अशोका गार्डन इलाके के एक ही मोहल्ले के दो दर्जन बदमाशों के घरों पर एक साथ छापा मारा।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कई शातिर अपराधी दिन में पुलिस से बचने के लिए बाहर रहते हैं और देर रात घर लौटते हैं। इसी रणनीति को नाकाम करने के लिए पुलिस ने रात के सन्नाटे में एक साथ दबिश दी, जिससे अधिकांश बदमाश घरों में ही धरे गए। इस दौरान चाकूबाजों, लुटेरों और आदतन अपराधियों को चिन्हित कर उनसे कड़ी पूछताछ की गई और उनके डोजियर तैयार किए गए।
जो बदमाश घर पर नहीं मिले, उनकी लोकेशन और गतिविधियों की जांच की गई। रात में ऑटो या टैक्सी चलाने का दावा करने वाले संदिग्धों और जिला बदर अपराधियों का मौके से ही वीडियो कॉल के माध्यम से लाइव सत्यापन किया गया।
क्राइम ब्रांच की इस सघन तलाशी के दौरान शहर में अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के परिवहन और आपसी रंजिशों से जुड़े कई महत्वपूर्ण इनपुट और सुराग हाथ लगे हैं, जिन पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
क्राइम ब्रांच की इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से अशोका गार्डन इलाके के आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गुंडे-बदमाशों पर इस तरह की सख्ती से वे खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों के खिलाफ यह सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




