भोपाल। रातीबड़ इलाके के नाथू बरखेड़ा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ 32 वर्षीय सरकारी स्कूल के प्यून भावेश पटेल ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
वीडियो कॉल पर दी जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पत्नी पिछले तीन दिनों से इंदौर स्थित अपने मायके गई हुई थी। गुरुवार देर रात भावेश ने पत्नी को वीडियो कॉल किया और फांसी का फंदा दिखाते हुए आत्महत्या करने की बात कही। पत्नी ने तुरंत इंदौर से ही अपने देवर को फोन कर घटना की सूचना दी।
देर से पहुंचे परिजन
सूचना मिलते ही परिजन और पड़ोसी भावेश के घर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर अंदर जाने पर भावेश फंदे पर लटका मिला। मौके पर पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) को छोड़ गया है। फिलहाल, रातीबड़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




