भोपाल। शहर के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित हमीदिया अस्पताल परिसर में रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिपलानी निवासी गीता सेन (44) और जावेद नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
भीड़ का फूटा गुस्सा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने न केवल कार के शीशे तोड़ दिए, बल्कि वाहन को सड़क पर पलट दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और चालक की भूमिका व मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।




