भोपाल। राजधानी के रायसेन रोड स्थित LNCT यूनिवर्सिटी के सामने रविवार रात नगर निगम के एक कचरा ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
क्या है पूरा मामला?
आदमपुर कचरा खंती से लौट रहा कंटेनरनुमा ट्रक जैसे ही LNCT गेट के पास पहुँचा, उसके केबिन से धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने नीचे उतरकर देखा तो केबिन के नीचे आग भभक रही थी। राहगीरों और कर्मचारियों ने पानी की बोतलों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो गई। देखते ही देखते केबिन और ट्रक के अगले टायर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूचना देने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुँची।
नियमों की उड़ी धज्जियां
जांच में खुलासा हुआ है कि नगर निगम का यह ट्रक पूरी तरह से ‘अनफिट’ था। ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुताबिक, इस ट्रक का फिटनेस साल 2021 से और इंश्योरेंस साल 2019 से नहीं कराया गया था। साथ ही, गाड़ी के पास कोई वैध परमिट भी नहीं था। इतने लंबे समय से बिना कागजात के नगर निगम की गाड़ी का सड़कों पर चलना अब बड़े सवाल खड़े कर रहा है।





