नरसिंहपुर:मैट्रिमोनियल साइट के जरिए खुद को आईएएस अधिकारी और धार एसडीएम बताकर महिला डॉक्टर से 3 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को नरसिंहपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान भदोही जिले के बभनौती निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। आरोपी ने खुद को पटना से पढ़ा हुआ और मध्य प्रदेश कैडर का आईएएस अधिकारी बताकर महिला से संपर्क किया था। उसने विश्वास जीतने के लिए एआई (AI) तकनीक की मदद से वरिष्ठ अधिकारियों और सरकारी कार्यक्रमों के साथ अपनी फर्जी तस्वीरें एडिट कर सोशल मीडिया पर अपलोड की थीं।
जब महिला डॉक्टर को संदेह हुआ और उन्होंने धार प्रशासन से पुष्टि की, तो धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आमजन से मैट्रिमोनियल साइट्स पर बिना पूरी जांच के वित्तीय लेन-देन न करने की अपील की है।




