जयपुर। राजधानी में 24 वर्षीय युवा बिजनेसमैन को प्रेम जाल में फंसाकर शादी करने और बाद में दहेज के झूठे मुकदमे की धमकी देकर 50 लाख रुपये मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी महिला (36) ने खुद को हाई-प्रोफाइल बताकर जनवरी 2026 में 65 हजार रुपये महीने पर उसकी कंपनी में नौकरी हासिल की थी। इसके बाद नजदीकियां बढ़ाकर उसने 29 अप्रैल को आर्य समाज मंदिर में कारोबारी से गुपचुप शादी रचा ली। शादी के तुरंत बाद ही महिला का व्यवहार बदल गया। उसने पीड़ित के एटीएम कार्ड छीन लिए और बैंक खाते से 1 लाख रुपये निकाल लिए।
आरोप है कि महिला ने पीड़ित के परिजनों को आगरा बुलाकर 50 लाख रुपये और संपत्ति की मांग की। रकम न देने पर पूरे परिवार को दहेज उत्पीड़न के झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर कारोबारी ने पुलिस की शरण ली। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




