भोपाल। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए चाकू की नोक पर लूटपाट की। 16 अगस्त की रात हुई इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज शनिवार को सामने आया है।
फुटेज के अनुसार, बुजुर्ग एक दुकान के बाहर बेंच पर सो रहे थे। तभी दो बदमाश वहां पहुंचे और धारदार चाकू दिखाकर उन्हें धमकाने लगे। बुजुर्ग लगातार हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते रहे और पैसे न होने की बात कही, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक न सुनी। बदमाशों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उनकी जेब से नकदी व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
फुटेज से बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग ने थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बुजुर्ग की पहचान कर उनसे संपर्क साधने में जुटी है, ताकि उनका बयान लेकर FIR दर्ज की जा सके। साथ ही फुटेज की मदद से दोनों फरार आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।






