भोपाल। शहर में वाहनों की फिटनेस और प्रदूषण जांचने वाली व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। नर्मदापुरम रोड पर प्रदूषण जांच (PUC) का काम करने वाली एक ओमनी वैन खुद भारी मात्रा में काला धुआं छोड़ते हुए दौड़ती नजर आई। वैन के पीछे चल रहे वाहन चालकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सड़क पर धुआं उड़ाती इस वैन का वीडियो सामने आने के बाद परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जो वाहन खुद प्रदूषण मानकों की धज्जियां उड़ा रहा है, उसे फिटनेस और PUC प्रमाण-पत्र किसने दिया? विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में 63 PUC वाहन पंजीकृत हैं, जिनका काम शहरभर में घूमकर वाहनों के प्रदूषण की जांच करना और सर्टिफिकेट जारी करना है।
मामला सामने आने के बाद भोपाल आरटीओ जितेंद्र शर्मा ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया है। संबंधित वाहन और संचालक की जांच कराई जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।





