भोपाल। राजधानी में नशा मुक्ति अभियान के तहत शाहजहानाबाद पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक आरोपी को एक्टिवा से अवैध शराब ले जाते रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी के पास से कुल 54 लीटर देशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है।
ईदगाह हिल्स चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज अतुलकर की टीम ने कार्रवाई करते हुए निशातपुरा निवासी 38 वर्षीय योगेश यादव को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसकी एक्टिवा (MP 04 SY 1743) की डिक्की और एक बैग से 200 क्वार्टर देशी प्लेन व 100 क्वार्टर देशी मसाला मदिरा बरामद हुई। जब्त की गई कुल 300 क्वार्टर शराब की कीमत करीब 37 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह शराब कहां से लाया था और शहर में किसे सप्लाई करने जा रहा था। साथ ही आईसीजेएस पोर्टल के माध्यम से उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।



