भोपाल:
त्योहारों के सीजन और रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को खाद्य निरीक्षकों की टीम ने सीहोर रोड स्थित ‘साईं बाबा ट्रेडिंग’ पर छापा मारकर 114 किलो मिठाई जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 22,800 रुपए है।
जब्त की गई मिठाइयों का विवरण:
- नंदी स्वीट हलवा: 27 किलो
- कृष्णा हलवा: 27 किलो
- गोपाल स्वीट्स बर्फी: 30 किलो
- कृष्णा डिलिशियस स्वीट: 30 किलो
लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई:
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सभी जब्त मिठाइयों के नमूने (सैंपल) लेकर राज्य प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थ की वास्तविक गुणवत्ता स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट में सैंपल अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ‘कृष्णा डिलिशियस स्वीट’ के पैकेट पर मिल्क सॉलिड, चीनी, वनस्पति और रिफाइंड पामोलिन ऑयल के इस्तेमाल का उल्लेख मिला है, जिसकी गुणवत्ता की भी जांच कराई जा रही है। त्योहार से पहले हुई इस कार्रवाई से शहर के अन्य मिठाई विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया है।




