बैतूल:जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेठा घाट पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसकी चपेट में बीच से गुजर रहा एक बाइक सवार परिवार और एक बंदर आ गए। हादसे में बाइक पर सवार एक पुरुष, महिला, बच्ची और बंदर के अलावा दोनों ट्रकों के ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिसकर्मियों ने दिखाई मानवता और तत्परता
इत्तेफ़ाक से ईद-मिलादुन्न्वी की ड्यूटी से लौट रही 25वीं बटालियन डीजीपी रिजर्व कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बिना देर किए तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम बैतूल और शाहपुरा थाने को हादसे की सूचना दी।
सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर एम्बुलेंस बुलाई और सभी घायलों—पुरुष, महिला, बच्ची, बंदर और दोनों ट्रक चालकों—को तुरंत शाहपुरा सामुदायिक शासकीय चिकित्सालय पहुँचाया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
यातायात सुचारू कराया
हादसे के बाद घाट पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत क्रेन बुलवाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क के किनारे हटवाया। इसके बाद यातायात को पूरी तरह से क्लियर करवाकर आवागमन को सुचारू रूप से चालू कराया गया।


विशेष नोट: मुस्तैद सुरक्षाबलों की सूझबूझ और समय पर मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया जा सका।




