भानपुरा रोड की घटना
मंदसौर के भानपुरा रोड पर स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को चोरों ने गैस कटर से काटकर 6.5 लाख रुपए चुरा लिए। वारदात 30 अगस्त की देर रात करीब दो बजे की है। चोरों ने पहले शटर का ताला तोड़ा, फिर अंदर घुसकर मशीन काटकर रुपए निकाले और शटर गिराकर फरार हो गए।
वेंडर कंपनी के पहुंचने पर चला पता
घटना का खुलासा अगले दिन शाम करीब चार बजे हुआ, जब एटीएम सुधारने आई वेंडर कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। मशीन क्षतिग्रस्त मिलने पर उन्होंने बैंक अधिकारियों को सूचना दी। सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल यह है कि बैंक से लगे इस एटीएम में इतनी बड़ी चोरी हो गई और रातभर किसी को भनक तक नहीं लगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही गरोठ एसडीओपी विजय कुमार यादव और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें एक संदिग्ध कार दिखाई दी है। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।




